भोपाल। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले की ब्यावरा सीट से कांग्रेस विधायक गोवर्धन सिंह दांगी अब नहीं रहे। दांगी का दिल्ली स्थित मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां उनका देर रात निधन हो गया। दांगी कोरोना वायरस से भी संक्रमित थे। सूबे के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर कांग्रेस विधायक के निधन पर दुख जताया है।
यह भी पढ़ें: ‘उनका मरना देखा जमाने ने, एक मोदी सरकार है जिसे खबर ना हुई’
बताया गया है कि कांग्रेस विधायक लंबे समय से बीमार थे, जिसके चलते उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। विधायक के निधन की खबर सुनते ही उनके समर्थकों के बीच निराशा की लहर दौड़ गई है। सभी लोगों को इस बात की उम्मीद थी की दांगी जल्द ही ठीक होकर क्षेत्र में लौटेंगे। मगर, उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दांगी कोरोना वायरस से भी संक्रमित हो गए थे। इस कारण उनके शरीर के अंगों ने साथ देना छोड़ दिया था और मल्टीपल ऑर्गन फेलियर की वजह से उनका निधन हो गया। बताया गया है कि विधायक के बेटे लक्ष्मण सिंह दांगी उनके शव को लेकर ब्यावरा आ रहे हैं।