षड्यंत्र: आठ गुणा आठ के गड्ढे में रखा लड़की को, पिता ने कराया मुक्त!

अहमदाबाद। गुजरात में मोरबी जिले के कोटदा न्यानी गांव में जबरदस्ती शादी करने के लिए पंद्रह वर्षीय एक किशोरी को अगवा कर तीन हफ्ते तक दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि किशोरी को नवंबर में अगवा किया गया था। दिसंबर के शुरू में वह आरोपियों के चंगुल से मुक्त हुई है। वांकनेर थाने के एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, नरेश सोलंकी (19) के खिलाफ किशोरी से दुष्कर्म, अपहरण व बंधक बनाकर रखने का मामला दर्ज किया गया है। नरेश के परिवार के सात सदस्यों के खिलाफ भी इन्हीं मामलों में केस दर्ज हुआ है। किशोरी के अपहरण का उद्देश्य नरेश के साथ उसकी जबरदस्ती शादी कराना था।

दोनों परिवार देवीपूजक वर्ग से हैं। किशोरी के परिवार के इन्कार करने के बाद अपहरण का षड्यंत्र रचा गया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 11 नवंबर को किशोरी का अपहरण किया। उसे गांव से दो किमी दूर एक खेत में ले गए। वहां उसे आठ गुणा आठ के गड्ढे में डाला और ऊपर लकड़ी से ढक दिया। किसी तरह पीड़िता के पिता को इसकी भनक लगी, तब उसने चार दिसंबर को बेटी को मुक्त कराया किशोरी के अनुसार, 11 नवंबर की देर रात आठ लोगों ने उसका अपहरण किया। बाद में नरेश ने दुष्कर्म किया। उसके बयान के आधार पर पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Check Also

इस शख्स की मौत के बाद बीजेपी में मच गया घमासान !

2022 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश से एक ऐसा चेहरा सुर्खियों में बना रहा,जिसको …