मुंबई. ‘बिग बॉस 10’ में स्वामी ओमजी महाराज को मोनालिसा के साथ पूल डांस करते देखा गया। दरअसल, सोमवार के एपिसोड में मोनालिसा और लोकेश कुमारी पहले से ही स्विमिंग पूल में एन्जॉय कर रही थीं। इसी दौरान स्वामीजी भी उन्हें कंपनी देने पहुंच गए। वे लोकेश के करीब तो कम, लेकिन मोना के नजदीक ज्यादा नजर आए। मोना और स्वामीजी ने हाथों में हाथ लेकर डांस भी किया। हालांकि, स्वामीजी की मानें तो वे मोना को अपनी बेटी की तरह मानते हैं।
नॉमिनेशन के दौरान रो पड़े स्वामीजी…
सोमवार को तीसरे सप्ताह के इविक्शन के लिए नॉमिनेशन भी हुए। इस दौरान स्वामीजी कन्फेशन रूम में बिग बॉस के सामने रो पड़े। उनके मुताबिक, वे मनु पंजाबी और मनवीर गुर्जर के व्यवहार से खुश नहीं हैं। वे यह कहते सुने गए कि मनु और मनवीर को नेशनल टीवी पर अपनों से बड़ों को गाली देने के संदेश नहीं देना चाहिए। बता दें कि तीसरे सप्ताह के लिए मोनालिसा, वीजे बानी, मनु पंजाबी, स्वामी ओमजी महाराज, नितिभा कौल, मनवीर गुर्जर और लोपामुद्रा राउत को नॉमिनेट किया गया है।