मौके पर नहीं मिले मतदाता, काटे गए 20 हजार मतदाताओं के नाम….

बिलापसुर। शहर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान 20 हजार ऐसे मतदाताओं के नाम का खुलासा हुआ है जो मौके पर नहीं मिले। प्रथम चरण में इन मतदाताओं के नाम को डिलीट कर दिया गया है। 12 जनवरी को मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया जाएगा। वर्ष 2013 की मतदाता सूची के अनुसार बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र में दो लाख 23 हजार 950 वोटर हैं। चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत बीते एक पखवाड़े से मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य किया जा रहा था।

इस दौरान शहर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 234 मतदान केंद्रों के अलावा बिल्हा व बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पोलिंग बूथों में मतदाताओं की पतासाजी की गई। इस दौरान डोर-टू-डोर अभियान चलाया गया था। टीम द्वारा पोलिंग बूथ के अंतर्गत आने वाले एक-एक घरों में दस्तक देकर मतदाता सूची के आधार पर मतदाताओं के नाम की जानकारी एकत्र की। एक जानकारी के अनुसार प्रत्येक क्लस्टर में 500 से 550 ऐसे वोटर मिले जिनकी जानकारी आसपास के लोग भी नहीं दे पाए। इन नामों की अलग सूची बनाई गई। इस तरह की प्रक्रिया शहर विधानसभा के अलावा बिल्हा व बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी 324 बूथों में अपनाई गई। इस दौरान मतदाता सूची में शामिल तकरीबन 20 हजार वोटर गायब मिले। जिसकी कोई खोज खबर नहीं है। बूथ व क्लस्टरवार सूची में इन नामों की सूची बनाकर वोटर लिस्ट से डिलीट कर दिया गया है। इसकी जानकारी चुनाव आयोग को भेज दी गई है।

राजनीतिक दलों की बैठक में हुआ खुलासा

3 जनवरी को एसडीएम व मतदाता सूची रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एनके कंवर ने राजनीतिक दलों की बैठक बुलाई थी। बैठक में शामिल भाजपा,कांगे्रस,बसपा व सीपीआई के पदाधिकारियों के सामने वस्तुस्थिति की जानकारी देते हुए बेनामी वोटरों के नाम डिलीट करने की जानकारी दी गई है। बैठक में शामिल पदाधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है।

वार्ड क्रमांक 11 गायत्री नगर में 647 वोटर फर्जी

जांच में वार्ड क्रमांक 11 गायत्री नगर में 647 बेनामी वोटर मिले हैं। इनका नाम भी डिलीट कर दिया गया है।

ऐसे की गई जांच

– जांच के पूर्व क्लस्टर तैयार किया गया। एक क्लस्टर में 12 बूथों को शामिल किया गया है।

– वार्डवार मतदाता सूची तैयार की गई।

– वार्डों की नंबरिंग अपने हिसाब से की गई। मसलन वार्ड क्रमांक एक से सीरियल बनाया गया।

– एक अनुविभाग में 150 और एक बूथ में 1200 वोटरों को शामिल किया गया है।

आपत्ति का देंगे मौका

मतदाता सूची पुनरीक्षण के बाद की स्थिति का बैठक में एसडीएम ने जानकारी दी है। उनके अनुसार शहर विधानसभा क्षेत्र में तकरीबन 20 हजार वोटरों के नाम मतदाता सूची से डिलीट किया गया है। 10 या 12 जनवरी को मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन की जानकारी दी गई है। इसके बाद दावा आपत्ति मंगाई जाएगी।

 –ऋषि पांडेय, प्रवक्ता

शहर कांग्रेस कमेटी बिलासपुर मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर एसडीएम ने जानकारी दी है। इसमें प्रथम चरण में तकरीबन 20 हजार वोटरों के नाम डिलीट किया गया है। मतदाता सूची के प्रारंभिक प्रकाशन के बाद स्थिति और भी स्पष्ट होगी। धीरेंद्र केशरवानी, भाजपा नेता

मतदाता सूची पुनरीक्षण की एसडीएम ने जानकारी दी है। इसमें डोर-टूडोर सर्वे के बाद करीब 20 हजार

मतदाताओं के नाम विलोपित किया गया है। मतदाता सूची प्रकाशन के बाद इसकी सही जानकारी मिलेगी।

मनीष बख्शी, जिलाध्यक्ष, बहुजन समाज पार्टी बिलासपुर

Check Also

मंत्रिमंडल में फेरबदल: नई मंत्रिपरिषद में भी 11 महिलाओं के होने की उम्मीद

मंत्रिमंडल में फेरबदल: नई मंत्रिपरिषद में भी 11 महिलाओं के होने की उम्मीद

केंद्रीय मंत्रिपरिषद, जिसे आज शाम नए लोगों के शपथ ग्रहण के साथ विस्तारित किया जाएगा, …