मेरठ: क्रिसमस के अवसर शहर में मस्ती और उत्साह की धूम रही। शहर स्थित हर चर्च में सुबह के समय प्रार्थना सभाएं हुई और कैरल्स का गान हुआ। ईसाई धर्म के लोगों के साथ अन्य समाज के लोग भी चर्च पहुंचे और गले मिलकर बधाई दी। शहर की प्रमुख चर्चो में रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन भी हुआ। इस दौरान चर्च परिसर और बाहर मेले जैसा माहौल रहा। बच्चों ने एक-दूसरे को गिफ्ट भी उपहार स्वरूप दिए।
रविवार को पूरा शहर क्रिसमस के रंग में रंगा नजर आया। सेंट जोसेफ चर्च में फादर टाइटस ने सुबह प्रार्थना कराई। फादर ने बाइबिल से प्रभू यीशु का संदेश लोगों को दिया। कहा कि प्रभु का जन्म विकट परिस्थितियों में हुआ था। माता मरियम और जोसेफ के त्याग, उदारता के बारे में बताया। दूसरी ओर सेंट्रल मैथोडिस्ट चर्च लालकुर्ती में अध्यात्म पर चर्चा हुई। कमलेश कम्फर्ट ने यीशु का संदेश देते हुए कहा कि प्रभू ने जनकल्याण के लिए जन्म लिया। बच्चा पार्क स्थित सेंट थामस चर्च में भी प्रार्थना सभा के बाद प्रभू का संदेश पढ़कर सुनाया गया। इसके अलावा एबीसी चर्च नगलाबट्टू, सेंट पीटर्स चर्च श्रद्धापुरी, सेंट लुक्स साकेत में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हुए। चर्च में प्रार्थना सभा और संदेश के बाद समाज के लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर क्रिसमस की बधाई दी। साथ ही खुशी मनाते हुए धार्मिक गीतों का गान किया। इस दौरान लोगों ने ढोल की थाप पर जमकर डांस भी किया। अधिकांश बच्चे सेंटा के रूप में नजर आए।
भंडारा लगाकर बांटी खुशी
बड़ा दिन के अवसर पर बच्चा पार्क स्थित सेंट थॉसम चर्च के अलावा अन्य कई चर्च पर भंडारे का आयोजन भी किया गया। इसाई समाज के लोगों ने अपने स्तर से लोगों को प्रसाद स्वरूप सब्जी-पूरी का वितरण किया। क्रिसमस के अवसर पर इसाई समाज के लोगों के साथ अन्य धर्मो के लोग भी पूरी मस्ती में नजर आए। दोस्तों के साथ फोटो, सेल्फी आदि लेते दिखे। उधर, चर्च परिसर के बाहर भी मेले जैसा माहौल नजर आया। भीड़ अधिक होने के कारण खिलौने, खानपान की सामग्री वाले ठेले भी बड़ी संख्या में चर्च के बाहर लगे।
सिनेमाहॉल रहे फुल
क्रिसमस के अवसर पर शहर की मॉल के साथ सिंगल स्क्रीन थियेटर के बाहर भी हाउस फुल का बोर्ड लगा दिखा। जबकि शहर के वेव सिनेमा, आयनोक्स, मिलांज, मैग्नम के शो भी फुल रहे। इसके अलावा शॉपरिक्स और पीवीएस आयनोक्स माल में भी अच्छी खासी भीड़ देर रात तक रही। शापरिक्स माल में उमड़ी भीड़ के कारण दिल्ली रोड और बिजली बंबा बाइपास पर कई बार जाम की स्थिति भी बनी।
गलियों में नजर आए सेंटा क्लाज
क्रिसमस के अवसर पर कई लोगों ने सेंटा क्लाज का रूप धारण किया और शहर की गलियों में बच्चों को गिफ्ट बांटते भी नजर आए। शास्त्रीनगर, फूलबाग, लालकुर्ती, साकेत आदि कालोनियों ने सेंटा क्लाज बच्चों के संग मस्ती करते दिखे। इस दौरान कुछ ने अपने कपड़ों पर विभिन्न कंपनी, और प्रतिष्ठानों का बैनर भी लगाया हुआ था। बच्चे भी सेंटा के पीछे दौड़ते दिखे।