वीभत्स मौत का हुआ पटाक्षेप, छह महीने कब्र पर अकेली रही मां!

बिहार के बेगूसराय में एक पति ने अपनी पत्नी के प्रेमी को घर लाकर मार डाला और शव को बाथमरूम में दफन कर दिया। घटना के छह महीने बाद इसका राज खुला तो लोग सन्न रह गए।

 

बेगूसराय। पति ने पत्नी के आशिक को घर बुलाकर उसे वीभत्स मौत दी, फिर शव को कमरे के भीतर ही बाथरूम में दफन कर दिया। घर में अकेली रहने वाली हत्यारे की मां छह महीने तक कब्र पर सोती रही। पति-पत्नी और वो के विवाद में हुए इस खौफनाक मर्डर की मिस्ट्री की गुत्थी जब बीती शाम सुलझी तो लोग सन्न रह गए।

अवैध संबंध के विवाद में हुई हत्या

छह महीने पहले के सोनू पोद्दार अपहरण व हत्याकांड का सोमवार को पटाक्षेप हो गया। कांड के मुख्य आरोपी दीपक आनंद की गिरफ्तार मां मालती देवी ने पुलिस के समक्ष स्वीकार किया कि उसके बेटे ने ही सोनू की हत्या कर शव को घर के बाथरूम में ठिकाने लगा दिया था। मालती ने इसका कारण सोनू का अपनी बहू मनीषा कुमारी से अवैध संबंध बताया। मां द्वारा किए खुलासे के अनुसार दीपक और मनीषा के संबंध काफी खराब चल रहे थे। सोनू के कारण दोनों पति-पत्नी में बराबर झगड़ा होते रहता था। इसलिए दीपक ने सोनू को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

देर रात दिया वारदात को अंजाम

फिर, पांच जून 2016 को रात करीब नौ बजे दीपक अपनी बाइक लेकर घर से निकला। रात करीब 11 बजे दीपक वापस आया और अपने कमरे में बंद हो गया। उसके साथ सोनू भी था। मां के अनुसार कुछ समय बाद उसके कमरे से आवाजें सुनाई दीं। इसके बाद उसने आवाज लगाई, लेकिन बेटे ने दरवाजा नहीं खोला। मालती ने बताया कि उसके बेटे ने सोनू की हत्या कर शव को कमरे के साथ बने बाथरूम में पहले से किए गड्ढे में दफना दिया।

भारी बारिश के कारण नहीं लगी भनक

घटना के समय भारी बारिश हो रही थी। रास्ता सुनसान था और लोग अपने-अपने घरों में बंद थे। इसलिए किसी को वारदात की भनक तक नहीं लगी और आसानी से शव को ठिकाने लगा दिया गया।

योजना बनाकर की गई हत्या

मां ने बताया कि दीपक ने सोनू की हत्या की योजना पहले से ही बना रखी थी। इसकी तैयारी वह पहले से ही कर रखा था। बाथरूम में गहरे गड्ढे बनाने के अलावा शव को गलाने के लिए हत्या के दो-तीन पूर्व ही बड़ी मात्रा में एसिड की खरीदारी कर उसे घर में रख लिया गया था। घटना को अंजाम देने के बाद शव को गड्ढे में डालकर उसे गलाने के लिए उसपर घातक केमिकल एवं तेजाब डाला, फिर गड्ढे को भरने के बाद उस पर फर्श बना दिया।

सड़ांध मिटाने के लिए किया परफ्यूम का इस्तेमाल

गिरफ्तार मालती ने बताया कि दीपक ने शव की सडांध को मिटाने के लिए महंगे परफ्यूम का उपयोग किया। उसने इसकी खरीदारी के लिए 75 हजार रुपये खर्च किए थे। उसने सारी तैयारी के बाद ही घटना को अंजाम दिया था।

छह महीने कब्र पर अकेली रही मां

मालती की बहू मनीषा पहले से ही बखरी के ही मक्खाचक स्थित अपने मायके में रह रही थी। घटना के बाद पुलिस ने उसके इकलौते पुत्र और बहू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मालती अपने घर में अकेली रह गई थी। बावजूद इसके वह बगैर किसी भय के उस घर में रह रही थी। इसे मालती का जीवट ही कहेंगे कि घटना के बाद छह महीने तक वह अकेले उस घर में रहती और सोती रही जहां सोनू के शव को दफन किया गया था। किसी को घटना की भनक नहीं लगे, इसके लिए उसने कब्र पर नहाना-धोना जारी रखा।

धमकी से डरकर नहीं खोला मुंह

उसने बताया कि बात खुलने पर बेटे ने बेटी-दामाद को भी फंसाने और मारने की धमकी दी थी। लेकिन, मामले का खुलासा हो ही गया।

कई सवाल अभी भी अनुत्तरित

बहरहाल, अपहरण और हत्या के खुलासे के बाद भी कई सवाल अनुत्तरित हैं। सोनू की हत्या के पहले उसके लिए कब्र खोदना, फिर हत्या कर उसमें शव को दफनाना और उसे पाटकर फर्श बनाना एक आदमी का काम नहीं लगता। हत्या किस तरह की गई, यह भी फिलहाल ज्ञात नहीं, लेकिन कमरे के अंदर से मिली आवाज के आधार पर पुलिस को अंदाजा है कि सोनू मौत के पहले काफी देर तक छटपटता रहा था। ऐसे में आशंका है कि उसे वीभत्स मौत दी गई थी।

Check Also

क्या इस साल भी दरभंगा एयरपोर्ट के रनवे पर लाइटिंग की रहेगी समस्या

बिहार का दरभंगा एयरपोर्ट अपने शुरुआती दौर से ही सुर्खियों में रहा है। चाहे वजह …