नए साल पर जंगल के राजा को दर्शकों का सलाम!

कानपुर : नये साल का पहला दिन, ऊपर से रविवार की छुट्टी। ऐसे में चिड़ियाघर शहरवासियों के लिए छुट्टी मनाने का सबसे पसंदीदा स्थल रहा। रिकार्ड संख्या में 21325 दर्शकों की भीड़ उमड़ी। मौका एक वजह से और खास था। रायपुर के नंदनवन चिड़ियाघर से कानपुर लाए गए शेर अजय और शेरनी नंदनी को रविवार को पहली बार दर्शकों के सामने लाया जाना था। जंगल के राजा को देख दर्शकों ने इस्तकबाल और सलाम किया। कई ने पल यादगार बनाने के लिए सेल्फी भी ली। शेर-शेरनी समेत कई वन्यजीव पास से देखने के अलावा लोगों ने खूब मस्ती की। बता दें, अभी तक चिड़ियाघर में 26 जनवरी 2016 को 18752 दर्शकों का रिकार्ड था।

अफसरों ने स्कूली बच्चों संग काटा केक

चिड़ियाघर के अफसरों ने नये साल पर दर्शकों की खासी संख्या देख स्कूली बच्चों संग केक काटा। निदेशक दीपक कुमार ने कहा शेर-शेरनी के बाद अब यहां जल्द सफेद तेंदुआ, जेब्रा, जिराफ समेत तमाम वन्यजीव दिखेंगे। मुख्य रूप से केवल प्रसाद, अयोध्या प्रसाद, आरके सिंह, डॉ.यूसी श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।

लकड़ी के पुल का हुआ लोकार्पण

चिड़ियाघर प्रशासन की ओर से लकड़ी के पुल का लोकार्पण किया गया। 1972 में बना यह पुल टूट गया था जो फिर दोबारा बनाया गया है। दर्शक इस स्थान को सेल्फी प्वाइंट के रूप में प्रयोग करते थे।

Check Also

जयंत ने बीजेपी को दिया, जोर का झटका धीरे से !

2024 के लोकसभा चुनाव से पहले,राष्ट्रीय राजनीति में मानो एक सैलाब सा ला दिया हो …