रतलाम। रावटी थाना क्षेत्र के ग्राम नरसिंगपाड़ा में माही नदी के पास झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव मिला। वह दो दिन से लापता था। बताया जाता है कि वह एक व्यक्ति की हत्या के मामले में जेल में बंद था और कुछ माह पहले ही जमानत पर छूटकर आया था। उसकी मौत के कारणों का पता नहीं चला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार नाथू पिता कुंवरा वसुनिया (46) निवासी ग्राम नरसिंगपाड़ा 20 जनवरी की शाम घर से कहीं जाने के लिए निकला था। इसके बाद वह घर नहीं पहुंचा। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन ने खोजबीन की। रिश्तेदारों व अन्य परिचितों के यहां तलाशने के बाद भी उसका पता नहीं चला। रविवार शाम परिजन खोजबीन कर रहे थे, तभी उसके पुत्र लालू को नदी किनारे झाड़ियों में शव पड़ा दिखाई दिया। उसने अन्य परिजन व पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल व शव की जांच की और फिर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम सोमवार सुबह किया जाएगा।
आठ माह पहले छूटा था जेल से
बताया जाता है कि नाथू को एक व्यक्ति की हत्या के मामले में उम्र कैद की सजा हुई थी। वह करीब 14 साल से जेल में बंद था और आठ माह पहले जमानत पर छूट कर आया था। उसने हाईकोर्ट में अपील की थी। हाईकोर्ट से जमानत मिलने पर वह जेल से छूटा था। उसकी मौत कैसे हुई, यह पता नहीं चला। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही उसकी मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।