बीते दो कारोबारी सत्रों में भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त गिरावट देखने को मिली। शुक्रवार और मंगलवार को आई बिकवाली के चलते प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 1212 अंक लुढ़क गया। आज के कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 514 अंकों की गिरावट के साथ 26304 के स्तर पर बंद हुआ जबकि शुक्रवार को सेंसेक्स में 698 अंकों की गिरावट देखने को मिली थी। बाजार में आज आई गिरावट के बीच ये हैं तक सबसे अहम आंकड़े…
- बाजार की गिरावट में जहां आजसेंसेक्स 1.96 फीसदी और निफ्टी 2.26 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ। वहीं मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स और ज्यादा गिरावट के साथ बंद हुए। बॉम्बे स्टॉ़क एक्सचेंज पर मिडकैप इंडेक्स 3.91 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स 4.67 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ।
- मंगलवार के कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 550 अंकों से ज्यादा टूट गया। आज के सत्र में सेंसेक्स ने 26253 का निचला स्तर छुआ। यह बीते पांच महीनों का सबसे निचला स्तर है।
- बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर आज कुल 2813 शेयरों में ट्रेडिंग हुई।इनमें से 2354 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि 346 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। 113 शेयरों के भाव में कोई परिवर्तन देखने को नहीं मिला।
- आज के कारोबार के दौरान बॉम्बेस्टॉक एक्सचेंज पर कुल 373 शेयरों में लोअर सर्किट लगा। जबकि 119 शेयरों ने अपना अपर सर्किट छुआ।
- बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज परकुल 112 शेयर अपने 52 हफ्तों के निचले स्तर पर आ गए। इनमें जुबलियंट फूड, बाटा इंडिया और टीसीएस जैसी कंपनियां भी शामिल हैं।
- आज की गिरावट मेंइंडिया विक्स 16 फीसदी उछलकर 20 के पार निकल गया। इंडिया विक्स में यह जबरदस्त उछाल बाजार में बड़ी उठा-पटक के संकेत देता है।
- 9 नवंबर को विदेशी निवेशकों की ओर से 2095 करोड़ की,10 नवंबर को 733.49 करोड़ की और 11 नवंबर को 1493.27 करोड़ की बिकवाली देखने को मिली। ऐसे में आने वाले दिनों में अगर विदेशी निवेशक बाजार में बिकवाली जारी रखते हैं तो बाजार में गिरावट और गहरा सकती है।
- टाटा ग्रुप की कंपनियों के शेयर आज दिग्गज शेयरों की सूची में टॉप लूजर रहे। निफ्टी में शुमार शेयरों में टाटा मोटर्स और टाटा मोटर्स डीवीआर क्रमश: 9.28 और 8.90 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ। वहीं टाटा स्टील में भी 7.97 फीसदी की गिरावट देखने को मिली।
- आज की गिरावट मेंऑटो और रियल्टी सेक्टर में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली। दोनों ही इंडेक्स 5 फीसदी से ज्यादा की गिरावट के साथ बंद हुए। आईटी और सरकारी बैंकिंग शेयर वाले इंडेक्स और छोड़ नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर सभी इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए।
- निफ्टी में शुमार 51 में से 39 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि महज 12 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।