लखनऊ. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि अच्छे दिन लाने का वादा करने वाली भाजपा सरकार अब जनता को तकलीफ पहुंचा रही है। जो सरकार जनता को दुख पहुंचाती है, समय आने पर जनता उसे बदल देती है। वह आज उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में लोगों से मुखातिब थे। वह कल आगरा में साइकिल रैली का समापन कर रहे हैं। आज मुख्यमंत्री ने वह रामपुर में एक जनसभा संबोधित की। दो सौ करोड़ रुपये से हुए विकास कार्य का लोकार्पण भी किया।उन्होंने कहा कि भाजपा अच्छे दिनों का वादा पूरा नहीं कर पा रही है, इसलिए हर छह महीने बाद कोई न कोई मुद्दा बना लेती है। भाजपा सरकार ने नोटबंदी कर जनता को परेशानी में डाल दिया है। लोग बैंक से अपना पैसा निकालने के लिए भूखे प्यासे लाइनों में लग रहे हैं। लोगों की जान भी जा रही है। उन्होंने कहा कि, उत्तर प्रदेश में भाजपा के पास विकास का कोई मुद्दा ही नहीं है। प्रदेश में चुनाव करीब है, इसलिए हमें और आपको दूर करने के लिए भाजपा और भी कोई मुद्दा बना सकती है। हमें झांसे में नहीं आना है। बसपा को पत्थर वाली पार्टी बताते हुए कहा कि बुआ जी ने पत्थर के हाथी बनवा डाले, उनके हाथी जो बैठे थे, अभी तक उठे ही नहीं हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा ने सभी वर्गों का ख्याल रखा है। मुसलमानों को भी लाभकरी योजनाओं में बीस फीसद लाभ पहुंचाया है। समाजवादी पार्टी ने लैपटाप बांटे और अब स्मार्ट फोन बांटने की योजना है। उन्होंने कहा कि रामपुर में जितना शानदार स्वागत हुआ, दूसरे जिलों में नहीं होता। इस मौके पर आजम खां ने नोटबंदी और तीन तलाक मुद्दे पर प्रधानमंत्री पर निशाना साधा।
मुख्यमंत्री ने साइकिल का चलन बढ़ाया
इटावा से आगरा के बीच बने 207 किलोमीटर लंबे द ग्रीन पाथ साइकिल हाईवे का शुभारंभ हो गया। मंत्री अभिषेक मिश्रा ने इटावा सफारी पार्क से आगरा तक बने साइकिल हाइवे का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने एक साइकिल रैली को हरी झंडी भी दिखाई। इटावा सफारी पार्क से शुरू हुई इस रैली में देश व विदेश के साइकिल चालकों के साथ स्कूली बच्चे भी शामिल हुए। रैली में मंत्री ने भी साइकिल चलायी। इस मौके पर मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने साइकिल के चलन को बढ़ावा देने के लिए यह ट्रैक बनवाया है। स्वास्थ्य व पर्यावरण के लिए लाभदायक साइकिल के लिए अलग से ट्रैक बनाकर देश-दुनिया में नजीर पेश की है जो कि ईको टूरिज्म और विलेज टूरिज्म की दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण सिद्ध होगा।92 गांवों और इटावा व आगरा को जोडऩे वाले इस साइकिल हाईवे के बनने से साइकिल सवारों को सुरक्षित ट्रैक मिला है। इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। आगरा आने वाले टूरिस्ट साइकिल से इटावा आकर सफारी पार्क आदि जगहों पर घूम सकेंगे।