इलाहाबाद. शादी में शामिल होकर लौट रहे 2 लड़कों की सड़क हादसे में मौत हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक, लड़के बाइक पर सवार थे। बाइक अचानक डिवाइडर से जा टकराई। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने इन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद से मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है।
मां ने शव को सीने से लगाया और कहा- कोई मेरे बेटे को लौटा दे
– मामला यूपी के इलाहाबाद जिले के कर्नलगंज का है।
– यहां रहने वाला धनंजय (21) और अश्वनी (19) एक शादी में शामिल होने मीरा भवन गेस्ट हाउस गए थे।
– आधी रात दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। मेडिकल चौराहे से आगे बढ़ते ही बाइक डिवाइडर से जा भिड़ी।
– मौके पर मौजूद लोगों का कहना है, टक्कर इतनी तेज थी दोनों बाइक से करीब 6 फीट उछलकर सड़क पर जा गिरे।
– दोनों खून से लथपथ पड़े थे। बाइक के भी परखच्चे उड़ गए थे।
– सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
– एक साथ मोहल्ले के 2 लड़कों की मौत से सभी गम में हैं।
– मृतक धनंजय 4 भाइयों में सबसे छोटा था। पुरोहित का काम करने के साथ बीए की पढ़ाई कर रहा था।
– वहीं, अश्वनी अपने घर का इकलौता था। वह इंटर में था। एक बड़ी बहन सोनू की शादी हो चुकी है।
– अश्वनी का शव देखते ही मां माधुरी ने शव को सीने से लगा लिया। रोते हुए वह सिर्फ यही गुहार लगा रही थीं कि कोई मेरे बेटे को लौटा दे।
– वहीं पिता राजेंद्र ये मानने को तैयार ही नहीं थे कि उनका बेटा अब इस दुनिया में नहीं रहा।
हेलमेट नहीं लगाने की वजह से गई जान
– जार्जटाउन पुलिस के अनुसार, बाइक सवार युवकों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था।
– बाइक की रफ्तार भी काफी तेज थी, जिसके चलते बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी।
– डिवाइडर से टकराने के बाद दोनों दूर जा गिरे, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
– दोनों ने अगर हेलमेट पहना होता, तो शायद आज दोनों जिंदा होते।