रतलाम- शिवगढ़ थाना क्षेत्र की करीब 16 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म करने के मामले में महिला पुलिस ने आरोपी जितेंद्र् पिता रायसिंह निनामा (19) निवासी ग्राम कालाखेत को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को बुधवार को प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी वीरेंद्र वर्मा के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय ने उसे 21 दिसंबर तक के लिए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। उल्लेखनीय है कि 12 मई 2016 को आरोपी किशोरी को शादी का झांसा देकर मोरवी (गुजरात) ले गया था। वहां उसे किराये का कमरा लेकर रखा और उससे दुष्कर्म करता रहा। इससे वह गर्भवती हो गई। उससे शादी नहीं की और उसे रतलाम भेज दिया। मामले में महिला थाना पर आरोपी के खिलाफ 6 दिसंबर को प्रकरण दर्ज किया गया था।
छेड़छाड़ के आरोपी को जेल
रतलाम। औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने महिला से छेड़छाड़ करने के मामले में आरोपी लोकेंद्र उर्फ भूरू पिता गौरीशंकर पटेल (28) निवासी पटेल कॉलोनी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने उसे 20 दिसंबर तक के लिए न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए। पुलिस के अनुसार एक महिला ने रिपोर्ट लिखाई थी कि आरोपी ने उसके घर में आकर उसका हाथ बुरी नियत से पकड़ लिया था।