मुंबई- नोटबंदी की मार नशे के सौदागरों पर भी पड़ी है। हालांकि जांच एजेंसियों को इस बात की भी जानकारी मिली है कि नए साल के दौरान होने वाली पार्टियों के दौरान इसकी कसर पूरी करने की कोशिश हो रही है। इसलिए मुंबई के अलावा बड़े पैमाने पर नशे की खेप गोवा भी पहुंचाई जा रही है। बता दें कि गोवा में अभी से पार्टियां शुरू हो गई है।
– नए साल के मौके पर 31 दिसंबर की रात मुंबई और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में रेव पार्टियां होतीं हैं। इन पार्टियों के लिए नशे के सौदागरों ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है।
– जैसे जैसे पार्टियों का वक्त करीब आ रहा है अलग-अलग रास्तों से मुंबई तक नशे की खेप पहुंचाई जाने लगी है। सूत्रों के मुताबिक गोवा भी मुंबई से कोकण के रास्ते ही नशे की खेप पहुंचाई जा रही है।
– गोवा में बड़े पैमाने पर विदेशी पर्यटक तो आते ही हैं देश के दूसरे इलाकों से काफी लोग शराब सस्ती मिलने और आसानी से नशे की खेप मिल जाने के चलते यहां पहुंचते हैं।
– पार्टियों के लिए कोकीन, हशीष, चरस, एलएसडी डॉट्स और मेफेड्राॅन टैबेलेट जैसे नशीले पदार्थों की भारी मांग होती है। नशे की खेप विदेश से भी बड़े पैमाने पर मुंबई लाई जाती है।
– एक अधिकारी ने बताया कि कई अफ्रीकी देशों के नागरिक नशे की खेप के साथ आते हैं। यहां वे होटल में कमरा बुक कराते हैं। इस कमरे में स्थानीय शख्स को भेजा जाता है।
– दोनों एक दूसरे की भाषा नहीं समझते लेकिन वे इशारों में पैसे और नशे की खेप का लेन देन कर लेते हैं।
– इसके बाद विदेशी शख्स वही से वापस लौट जाता है। ऐसा इसलिए किया जाता है जिससे पकड़े जाने पर दोनों एक दूसरे के बारे में जानकारी न दे सकें और नशे का यह खेल आगे बढ़ता रहे।
अफ्रीकी महिला को 12 करोड़ रुपए के कोकीन के साथ गिरफ्तार किया
– नवंबर महीने में कम से कम तीन ऐसे बड़े मामले सामने आए हैं जिससे साफ होता है कि कितने बड़े पैमाने पर शहर में नशे की खेप पहुंचाई जा रही है।
– दो नवंबर को कुर्ला इलाके से 42 लाख रुपए की हशीष और 103 किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया गया था।
– 14 नवंबर को किशोर नंदन नाम के भारतीय मूल के डच नागरिक को एक करोड़ रुपए के नशीले पदार्थों के साथ पकड़ा गया था।
– 15 नवंबर को विजेयगो मेड नाम की अफ्रीकी महिला को 12 करोड़ रुपए के कोकीन के साथ गिरफ्तार किया गया था।
– इसके अलावा राजस्थान पुलिस बॉलीवुड के प्रोड्यूसर सुभाष दुधानी को भी गिरफ्तार कर चुकी है।
नशीले पदार्थ खरीदने बेचने वाले पूरे साल सक्रिय रहते हैं लेकिन साल के आखिरी दिनों में होने वाली पार्टियों के दौरान ऐसे मामले बढ़ जाते हैं। मुंबई-गोवा में होने वाली पार्टियों के लिए विदेश से आने वाले ड्रग्स का इस्तेमाल होता है।