नौ साल की उम्र में फ्रीज करवाए थे अंडाशय के ऊतक, 24 साल की उम्र में बनी मां

अबूधाबी। दुबई की एक महिला दुनिया की ऐसी पहली मां बनी हैं जिसने नौ साल की उम्र में संरक्षित रखे गए अंडाशय के ऊतकों का उपयोग करते हुए एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। 24 साल की मोजा अल मातरूषी ने लंदन में 13 दिसंबर को एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया।

लंदन में पोर्टलैंड हॉस्पिटल में प्रजनन विशेषज्ञ और गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. सारा मैथ्यूज ने बताया कि इससे पहले किसी भी महिला को 14 साल पहले संरक्षित रखे गए अंडाशय के ऊतकों का प्रत्यारोपण नहीं किया गया था और यह एक ऐसा पहला मामला है जिसमें जवानी शुरू होने से पहले निकाले गए अंडाशय के ऊतकों की मदद से एक वयस्क महिला बच्चे को जन्म देने में सक्षम हो सकी। इससे चिकित्सा विज्ञान को एक नई राह मिली है।

वर्ष 2001 में जब मातरूषी नौ साल की थी, उन्हें खून से जुड़ी आनुवांशिक बीमारी बीटा थेलेसेमिया ने जकड़ लिया। मातरूषी के माता-पिता ने तय किया कि उनकी बेटी का बोन मैरो प्रत्यारोपण कराया जाएगा। खराब रक्त कोशिकाओं को नष्ट करने के लिए कीमोथैरेपी जरूरी थी लेकिन इस प्रक्रिया में मातरूषी के अंडाशय की कोशिकाओं के नष्ट होने का खतरा था और वयस्क होने की स्थिति में मां बनना संभव नहीं था इसलिए प्रत्यारोपण से पहले उसके अंडाशय के ऊतकों को संरक्षित कर लिया गया।

यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स के डॉक्टरों ने मातरूषी के दाएं अंडाशय को की-होल सर्जरी के जरिए निकाला। इन्हें 72 मिलीमीटर मोटे टुकड़ों में काट लिया और 195 डिग्री सेल्सियस तापमान पर तरल नाइट्रोजन में रख दिया गया। इसके बाद मातरूषी का बोन मैरो प्रत्यारोपण कर थेलेसेमिया का इलाज हुआ। शादी के बाद बाद मातरूषी और उसके पति ने बच्चा नहीं होने पर 2014 में डॉ. मैथ्यूज से संपर्क किया।

मातरूषी का बायां अंडाशय काम नहीं कर रहा था और उसे 22 साल की उम्र में मासिक धर्म शुरू हुआ था। पिछले साल डॉ. मैथ्यूज और उनकी टीम ने 14 साल पहले फ्रीज किए अंडाशय के ऊतकों को मातरूषी के बाएं अंडाशय में सफल प्रत्यारोपण किया। इसके बाद आईवीएफ तकनीक के जरिए मातरूषी गर्भवती हुई। और 13 दिसंबर को 3.2 किलो वजनी स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। इससे खुश मातरूषी ने कहा-यह एक चमत्कार की तरह है।

Check Also

INDIA :पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल पहुंचे भारत !

पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के विदेश मंत्रियों की …