खाना पसंद न आने से , पति ने दिय तलाक

भोपाल- ‘कई लड़कियां सोचती हैं तीन बार तलाक बोल दिया तो तलाक हो गया, पर ऐसा नहीं है। इसके लिए फाइट करना चाहिए, ताकि मेरे साथ जो हुआ वह दूसरों के साथ न हो। कोई भी धर्म रिश्ते तोड़ना नहीं, बल्कि रिश्ते जोड़ना सिखाता है।’ यह बोलते हुए फिरदौस (बदला नाम) फफक पड़ी। मानस भवन में शुक्रवार को मौजूद सैकड़ों लोगों ने तालिया बजा उसका हौसला बढ़ाया तो मंच पर मौजूद लोगों ने आंसू पोंछे।

महिला कार्यक्रम मुक्त यात्रा के समापन में बतौर पीड़ित उन्होंने अपना दर्द साझा किया। फिरदौस दांत की डॉक्टर हैं। पिछले साल उनकी शादी हुई थी। इसके बाद वे पति के साथ दुबई चली गईं। वहां पति का फैमिली बिजनेस है। महीने भर नहीं हुए थे कि फिरदौस पर तानों की बरसात होने लगी। पति ने वॉशिंग मशीन में कपड़े धोने से मना कर दिया, बोला मशीन तुम्हारी मां ने नहीं दी है।

फिरदौस ने बताया कि पति को उसकी लाइफ स्टाइल, उसका बनाया खाना पसंद नहीं था। छह महीने बाद पति दिल्ली आया। भोपाल से उससे मिलने गई तो तलाक बोल दिया। यह कहानी अकेली फिरदौस की नहीं है। उनकी तरह कई महिलाओं ने इस कार्यक्रम में आपबीती बताई कि कैसे छोटी से बात में उनका तलाक हो गया। कार्यक्रम का आयोजन वन स्टाप क्राइसिस सेंटर (गौरवी) और एक्शनएड द्वारा किया गया था। इसमें महिला आयोग की अध्यक्ष लता वानखेड़े, सत्यमेव जयते की डायरेक्टर स्वाती भत्कल, एक्शन एड की क्षेत्रीय प्रबंधक सारिका सिन्हा मौजूद थीं।

Check Also

भोपाल गैस पीड़ित मुआवजे की मांग लेकर पहुचेंगे दिल्ली

मध्य प्रदेश के भोपाल में हुए दर्दनाक हादसे को करीब 38 साल पूरे होने वाले …