पटियाला। पंजाब में पटियाला की सीमा से सटे गांव धर्मेड़ी में पंजाब पुलिस ने एक कार को रोकने के प्रयास किया, लेकिन कार चालक ने उसकी गति बढ़ा दी। इसके बाद पुलिस ने कार पर फायर कर दिया। फायरिंग में चार लोगों को गोली लगी। बताया जा रहा है कि गोली लगने से कार सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल है। घटना में घायल अन्य लोगों को नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया है।
रविवार सुबह पटियाला के नाभा स्थित हाई सिक्योरिटी जेल में आतंकियों के भागने के बाद पुलिस ने हरियाणा की सीमा को सील कर दिया। इसके बाद पुलिस सीमा पर इधर-उधर जा रही गाडि़यों को चेक कर रही थी। इसी दौरान एक कार पटियाला से हरियाणा की तरफ जा रही थी। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो कार चालक ने स्पीड बढ़ा दी।
पुलिस ने कुछ दूर तक गाड़ी का पीछा किया, लेकिन फिर भी कार चालक ने ब्रेक नहीं लगाया। इसके बाद पुलिस ने फायरिंग कर दी। फायरिंग में चार लोगों को गोली लगी। इसमें बताया जा रहा है कि एक महिला की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि कार सवार युवतियां भांगड़ा ग्रुप में शामिल थी और किसी कार्यक्रम में हिस्सा लेने ले जा रही थी।