एक नाबालिग पोते ने अपनी 70 साल की दादी को सिर्फ इसलिए मार दिया कि वृद्धा की अक्सर उसकी मां से लड़ाई होती थी। रविवार की दोपहर लोदीपुर की यादव लेन में पोते ने दादी मुन्नी देवी (70 वर्ष) के सिर पर सिलवट दे मारा। बुद्धाकॉलोनी थाने में बेटे के बयान पर हत्या की एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपित पोते को गिरफ्तार कर लिया।
लोदीपुर के यादव लेन में उदय शंकर यादव अपने परिवार के साथ रहता है। परिवार में पत्नी, एक बेटी व एक बेटा है। मां भी साथ ही रहती थी। पास में ही उदय खाने-पीने का छोटा सा होटल चलाता है। होटल में कभी-कभार उसका बेटा भी बैठता था। पुलिस के मुताबिक उदय की पत्नी प्रियंका देवी व मां मुन्नी देवी के बीच अक्सर झगड़े होते थे। इसको लेकर परिवार में तनाव बना रहता था।
सास-पतोहू में झगड़े के बाद हुई हत्या
रविवार दोपहर भी सास-बहू में झगड़े हुए थे। इसके बाद मुन्नी देवी ने प्रियंका को कुछ अपशब्द कह दी थी। उस समय पोता भी घर में ही था। इससे वह तैश में आ गया। अपनी मां का पक्ष लेते हुए उसने पहले दादी की जमकर पिटाई कर दी। उसके बाद घर में रखे मसाला पीसने वाली सिलवट उठाकर मुन्नी देवी के सिर पर दे मारा। सिलवट लगते ही मुन्नी जमीन पर गिरकर छपटपटाने लगी। उस समय उदय घर में नहीं था। तुरंत उसे सूचना दी गयी। उदय घर पहुंचा और अपनी मां को बैंक रोड स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में ले गया। प्राथमिक उपचार के बाद वृद्धा को पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। सिर में गंभीर चोट लगने व अधिक खून बहने के कारण देर शाम मुन्नी देवी ने पीएमसीएच में दम तोड़ दिया।
बेटे के बयान पर एफआईआर
बुद्धाकॉलोनी थानाध्यक्ष मनोज मोहन ने बताया कि उदय के बयान पर उसके बेटे के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस को दिए बयान में उदय ने कहा है कि अस्पताल में मां ने मरने से पहले उसे बताया था कि पोते ने पहले उसकी पिटाई, उसके बाद सिर पर सिलवट को पटक दिया। एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने पोते को गिरफ्तार कर लिया। नाबालिग होने के कारण पुलिस उसे रिमांड होम भेजने की तैयारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि किशोर पढ़ाई-लिखाई नहीं करता था। गलत संगत में पड़ कर वह अक्सर घर में भी दादी से झगड़ा करता था। कई बार तो वह घर छोड़कर भाग भी गया था।