रायपुर- केंद्रीय जेल में शुक्रवार सुबह सात बजे प्रहरियों और कैदियों के बीच विवाद के बाद जेल का अलार्म बजाया गया। अलार्म बजने के बाद प्रशासन सतर्क हो गया और जेल में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। गौरतलब है कि गुरुवार को जेल में जांच के दौरान हथियार और नशीला पदार्थ पकड़ा गया था। इसके बाद जेल अधीक्षक राजेंद्र गायकवाड़ को हटा दिया गया।
घटना के बाद जब कैदियों को दूसरी जेल में शिफ्ट करने के लिए ले जाया जा रहा था तो उन्होंने बाहर निकलते ही जेल अधिकारियों पर मारपीट का आरोप लगाया। बाहर निकले कई कैदी घायल थे। उनमें हाथों में पट्टी बंधी थी। इनमें से 15 बंदियों को दुर्ग जेल और 35 को अंबिकापुर जेल में शिफ्ट किया जाएगा।
दरअसल जेल में हुई छापेमारी की कार्रवाई का कैदियों ने विरो
ध किया था। शुक्रवार सुबह बैरक खोलने पर जेल प्रहरियों के साथ उन्होंने नोंक-झोंक शुरू कर दी। विवाद ज्यादा बढ़ने पर जेल प्रहरियों ने इसकी सूचना तत्काल सीनियर अफसरों को दी, जिसके बाद अलार्म बजाकर प्रशासन को सतर्क किया गया। जेल प्रशाशन द्वारा 60 से ज्यादा कैदियों को दूसरी जेलों में शिफ्ट किया जा रहा है, घटना के बाद स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।