मेरठ : पुलिस की जांच में नईम के अपहरण के पीछे प्रॉपर्टी विवाद और और प्रेम प्रसंग सामने आ रहा है। छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है। नईम की कॉल डिटेल में अंतिम बार उसने अपनी दूसरी बीवी से बात की थी।
मकान विवाद : प्रॉपर्टी डीलर नईम गाजी का रामनगर में मकान को लेकर बंटी चौधरी से विवाद चल रहा है, जिसमें मुकदमा दर्ज होने के बाद नईम गाजी को जेल भेजा गया था। मुकदमा कोर्ट में है, जिसमें वादी के बयान होने थे। पुलिस नईम गाजी के अपहरण को इससे जोड़कर भी देख रही है। हालांकि परिवार के लोगों का दावा है कि फैसला उनके हक में आने वाला था।
दुकान विवाद : हापुड़ अड्डे पर बीस दुकान का विवाद चल रहा था, जिसमें नईम गाजी का हैप्पी से झगड़ा हो गया था। क्योंकि नईम ने हैप्पी को भी दुकान देने का वादा किया था। नईम ने दस दुकान आदिल को दे दीं। हैप्पी को अभी तक दुकान नहीं दी गई, जिस पर दोनों को विवाद चल रहा था। मारपीट तक हो चुकी थी।
मार्केट विवाद : भगत सिंह मार्केट के मुख्य गेट पर सचिन की दुकान को लेकर नईम गाजी का विवाद चल रहा था। सचिन का अपराधिक रिकार्ड भी है। सचिन हाल में नईम गाजी का करीबी है। लेकिन पुलिस पुराना विवाद खंगाल रही है।
दो शादी : नईम गाजी की दो बीवी हैं। 15 साल पहले नईम का निकाह रुखसाना से हुआ था, जिसके पांच बच्चे हैं। बड़ी बेटी की उम्र आठ वर्ष है। बाद में उसने दूसरे संप्रदाय की युवती खुशबू से नईम ने दूसरा निकाह कर लिया। नईम गाजी ने खुशबू को किराए का मकान लेकर शास्त्रीनगर में रखा हुआ है। खुशबू के भी तीन बच्चे हैं। नईम गाजी ने दोनों बीवी के साथ रहने के लिए भी दिन तय कर रखे हैं। नईम गाजी के साढ़े बारह बजे घर से निकलने के बाद अंतिम कॉल 12.41 पर हुई है, जिसमें नईम की बात खुशबू से हुई। हालांकि खुशबू ने सामान्य बात होने का दावा किया है। परिवार के लोग भी पत्नियों के बीच विवाद से इंकार कर रहे हैं।