रांची : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने ताला मरांडी की कार्यसमिति को लेकर पूर्व में उभरे विवाद से सबक लेते हुए अपनी टीम में जातीय और क्षेत्रीय समीकरण साधने के साथ-साथ नए और पुराने चेहरों में भी तालमेल बिठाने की कोशिश की है। हालांकि, तमाम कोशिशों के बाद भी सबको जगह नहीं मिल पाई है। भारी भरकम टीम में एक प्रदेश उपाध्यक्ष, एक प्रदेशमंत्री का पद फिलहाल रिक्त रखा गया है। संगठन महामंत्री की घोषणा भी बाद में ही होगी।
29 प्रमुख पदाधिकारियों में पचास फीसद चेहरे रांची प्रमंडल से हैं इनमें अगड़ी जातियों को खास तरजीह दी गई है। संताल और कोल्हान पर भी फोकस किया गया है। प्रदेश उपाध्यक्षों की बात करें तो हेमलाल मुर्मू को इस अहम पद पर बैठाकर क्षेत्रीय और जातीय संतुलन बनाने का प्रयास किया गया है।
पूर्व अध्यक्ष ताला मरांडी के हटाए जाने के बाद से ही इस बात के कयास लगाए जा रहे थे कि संताल में संतुलन कायम रखने के लिए पार्टी हेमलाल मुर्मू को कार्यसमिति में अहम पद देगी। विद्युत वरण बतौर उपाध्यक्ष कोल्हान का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। महिला मोर्चा की अध्यक्ष रहीं ऊषा पांडेय, रांची की प्रिया सिंह और गढ़वा के सत्येंद्र नाथ तिवारी क्रमश: क्षेत्रीय के साथ-साथ अगड़ी जाति के समीकरण को भी साध रहे हैं। वहीं, समीर उरांव के रूप में गुमला से आदिवासी चेहरा और आदित्य साहू के रूप में वैश्य वर्ग का भी ध्यान रखा गया है। उपाध्यक्षों में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल का प्रतिनिधित्व न होना अखर रहा है। हालांकि इस पद के लिए एक जगह अभी रिक्त है, संभव है इस जगह को हजारीबाग प्रमंडल से भरा जाए।
दूसरे दलों से आए लोगों को भी जगह
लोकसभा और विधानसभा चुनाव से पूर्व अन्य दलों से आकर भाजपा से जुडऩे वालों को भी नई टीम में भरपूर सम्मान दिया गया है। हेमलाल मुर्मू, विद्युत वरण महतो, सत्येंद्र नाथ तिवारी, नवीन जायसवाल, राजेश कुमार शुक्ला और प्रवीण प्रभाकर कुछ ऐसे ही नाम है। कार्यसमिति सदस्यों में भी कई ऐसे नाम शामिल हैं।
अमित को मिला धरने पर बैठने का ईनाम
भारतीय जनता युवा मोर्चा की कमान अमित कुमार को दी गई है। अमित ने पूर्व अध्यक्ष ताला मरांडी की कार्यसमिति विस्तार का विरोध प्रदेश कार्यालय के समक्ष धरने पर बैठकर किया था। उन्होंने विशेष तौर पर युवा मोर्चा के अध्यक्ष का विरोध किया था।
इस बार उन्हें इसी पद से नवाजा गया है।
पुरानी कमेटी के कई दिग्गज चेहरे नदारद
रांची : प्रदेश भाजपा की टीम में निवर्तमान कमेटी के कई दिग्गज चेहरे नदारद हैं। पिछली टीम में प्रदेश प्रवक्ता रह चुके अजय मारू, कमाल, खान, प्रेम मित्तल, अमरप्रीत सिंह काले, मुख्यालय प्रभारी गामा सिंह और मीडिया प्रभारी सांवरमल अग्रवाल का नाम लक्ष्मण गिलुवा की टीम में शामिल नहीं है। वहीं, प्रदेश पदाधिकारी रह चुके कुछ अन्य चेहरों को बतौर कार्यसमिति सदस्य टीम में जगह दे सांत्वना दी गई है।