भारत 8% की जीडीपी से आगे बढ़ रहा है और US 1% की रेट से नीचे गिर रहा है: ट्रंप

न्यूयॉर्क. अमेरिका में प्रेसिडेंशियल इलेक्शन के लिए रिपब्लिकन कैंडिडेट डोनाल्ड ट्रम्प और डेमोक्रेटिक कैंडिडेट हिलेरी क्लिंटन के बीच तीसरी और आखिरी डिबेट खत्म हो चुकी है। अबॉर्शन, नेशनल सिक्युरिटी और ड्रग्स के मुद्दे पर ट्रम्प अपने पुराने और सख्त रुख पर कायम नजर आए। ट्रम्प ने कहा- “भारत 8% के रेट से जीडीपी बढ़ा रहा है और हमारी जीडीपी 1% के रेट से नीचे जा रही है।” इस बहस की शुरुआत में दोनों कैंडिडेट्स ने हाथ तक नहीं मिलाया। बहस के दौरान कई बार दोनों में तल्खी दिखी। ट्रम्प ने नहीं माना कि वो चुनाव के नतीजों को स्वीकार करेंगे।
 भारत
 डोनाल्‍ड ट्रम्प ने कहा- “हमारी इकोनॉमी को सुधारा नहीं गया। इसके लिए डेमोक्रेटिक पार्टी जिम्‍मेदार है। भारत को देखिए। उनकी जीडीपी 8% के रेट से आगे बढ़ रही है। और हमारे देश की जीडीपी 1% के रेट से नीचे गिर रही है।”
इस पर हिलेरी ने कहा- “मैं एक तय प्रोग्राम के हिसाब से सिलसिलेवार तरीक से इकोनॉमी और टैक्स पर काम करना चाहती हूं। एक साथ टैक्स बढ़ाना सही नहीं होगा। लेकिन अमेरिकी इकोनॉमी आगे बढ़ रही है।”
इमिग्रेंट्स
इमिग्रेंट्स के मसले पर डोनाल्‍ड ट्रम्प ने कहा- “अगर हमारा बॉर्डर ही नहीं होगा तो हम क्या करेंगे। देश की पहचान खत्म हो जाएगी। पूरी दुनिया के लोग आएंगे। रैडिकल इस्लाम को कैसे रोका जा सकेगा?”
हिलेरी ने कहा- “मैंने बॉर्डर सिक्युरिटी पर कई साल तक काम किया। हमारे देश में तो इमिग्रेंट्स आते ही रहे हैं। और ये भी ध्यान रखना चाहिए कि इस देश में कानून का राज है।”
व्‍लादिमीर पुतिन
ट्रम्प ने कहा- “रूसी राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन ने हिलेरी क्लिंटन और राष्‍ट्रपति बराक ओबामा को हर मसले पर मात दी है। अमेरिका पर जो साइबर हमले हुए, वो रूस के इशारे पर ही हुए। मुझे लगता है कि हिलेरी और उनकी पार्टी इस देश के लोगों की जासूसी कराना चाहती हैं।”
 ट्रम्प ने कहा – “हिलेरी पुतिन को पसंद नहीं करतीं, क्योंकि वो उन से ज्यादा स्मार्ट तरीके से काम करते हैं। मैं पुतिन को नहीं जानता और ना ही वो मेरे दोस्त हैं। लेकिन अगर अमेरिका और रूस मिलकर काम करें तो इसमें कोई बुराई नहीं है।”
महिलाएं
ट्रम्प पर कई महिलाओं द्वारा लगाए गए सेक्शुअल हैरेसमेंट के आरोपों का भी जिक्र हुआ। ट्रम्प ने इस पर कहा- “मेरे मन में जितना महिलाओं के लिए सम्‍मान है, उतना सम्‍मान कोई और नहीं दे सकता।” साथ ही, जोड़ा कि जिन महिलाओं ने उन पर आरोप लगाए हैं, उनको वो जानते तक नहीं हैं।
 ट्रम्प ने हिलेरी की तरफ इशारा करते हुए कहा- “बिल क्लिंटन ने महिलाओं के साथ बहुत बुरा किया। मान लेता हूं कि मैंने गलत बोला था, लेकिन उन्होंने तो वो सब किया।”
 ट्रम्प के आरोप पर हिलेरी बचाव करती दिखीं। उनका अप्रोच अग्रेसिव की जगह डिफेंसिव नजर आया। हिलेरी ने कहा- “हमने अभी सुना कि आप किसी से माफी नहीं मांगते। क्या यही हकीकत है? लेकिन ये तो याद रखिए कि आप पर कई महिलाएं आरोप लगा रही हैं।”
अमेरिकी डेमोक्रेसी पर ही सवाल
 अमेरिका के प्रेसिडेंशियल इलेक्शन प्रॉसेस में ऐसा पहली बार हुआ, जब किसी कैंडिडेट ने इलेक्शन रिजल्ट के पहले ही एक तरह से इन पर सवाल उठा दिए।
ट्रम्प ने कहा- “अगर मेरे साथ कोई धोखा होता है तो हो सकता है मैं अगले महीने आने वाले रिजल्ट्स को स्वीकार ही नहीं करूं।”

Check Also

INDIA :पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल पहुंचे भारत !

पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के विदेश मंत्रियों की …