रायपुर। अंबेडकर अस्पताल में शुक्रवार को डॉक्टरों ने एक गर्भवती महिला के साथ डिलेवरी के दौरान शर्मनाक हरकत कर दी। इस पर 50 से अधिक मितानिनों ने जमकर हंगामा किया। उनके अनुसार एक गर्भवती को ऑपरेशन थिएटर में डॉक्टरों ने तमाचे जड़ दिए। हालांकि न तो गर्भवती ने शिकायत की है न उसके परिजनों ने। मितानिनों के इकट्ठा होने की खबर पर अस्पताल में हड़कंप मच गया था, सुरक्षागार्ड को मुस्तैद कर दिया गया था।
घटना दोपहर 1 बजे की है। एक मितानिन ने बताया कि गर्भवती को जिला अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन डॉक्टर्स ने अंबेडकर रेफर कर दिया। यहां डिलीवरी हुई, अब गर्भवती गायब है। सिर्फ इतना पता चल सका कि वह राजेंद्रनगर की रहने वाली है। अपनी सास के साथ अस्पताल आई थी।
अस्पताल पीआरओ शुभ्रा सिंह ठाकुर का कहना है कि उन्हें इसकी जानकारी मिली थी, लेकिन जब शिकायतकर्ता ही नहीं हैं तो प्रकरण क्या दिखवाएं? हालांकि शनिवार को स्त्रीरोग विभाग से जानकारी ली जाएगी।