बर्फबारी के बाद खुशनुमा मौसम के दीदार के लिए हिल्स क्वीन शिमला पैक हो गई है। राजधानी शिमला आजकल पर्यटको से गुलजार हो गई है।
शिमला: बर्फबारी के बाद खुशनुमा मौसम के दीदार के लिए हिल्स क्वीन शिमला पैक हो गई है। राजधानी शिमला आजकल पर्यटको से गुलजार हो गई है। होटल 80 से 90 फीसद तक फुल हो गए है। पर्यटन स्थल कुफरी, फागू, नालदेहरा व नारकंडा में भी पर्यटको की संख्या में काफी इजाफा हुआ है। हालांकि कुफरी में पर्यटको को बर्फ के दीदार नहीं हो रहे है लेकिन दूर पहाड़ो पर हुई बर्फबारी को देखकर ही पर्यटको को संतोष करना पड़ रहा है।
शिमला में पांच से छह हजार पर्यटक हर दिन पहुंच रहे है। अन्य राज्यों से आने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बसों में भी भीड़ देखने को मिल रही है। चंडीगढ़ से आने वाले कुछ पर्यटक सुबह आकर शाम को वापस लौट रहे है। पर्यटको की गाडि़यों के कारण सड़क पर ट्रैफिक दबाव भी बढ़ गया है। इस कारण स्थानीय लोगों के साथ पर्यटको को भी यातायात जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। पर्यटको की संख्या में वृद्धि होने से व्यवसायियों के चेहरे पर भी रौनक लौट आई है। हिल्स क्वीन में अधिकतर पर्यटक पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, मुंबई व गुजरात से पहुंच रहे है। अन्य राज्य से आने वाले पर्यटक वाहनो को सड़क किनारे पार्क कर रहे है। इससे जाम की स्थिति पैदा हो रही है।
गर्म कपड़ो के दाम में हुई बढ़ोतरी
पर्यटको को शिमला में सुबह व शाम भारी ठंड का सामना करना पड़ रहा है। इस कारण पर्यटक शिमला के बाजार मे गर्म कपड़ो की खूब खरीदारी कर रहे है। व्यापारियो ने भी गर्म कपड़ो के दाम मे वृद्धि कर दी है। इस कारण पर्यटको को भारी दाम चुका कर गर्म कपड़े खरीदने पड़ रहे है।