राज्यपाल ने कहा जनहित में सीएनटी में संशोधन करना चाहिए

राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि सीएनटी व एसपीटी एक्ट में संशोधन के संबंध में निर्णय अभी विधायकों को लेना है। जब यह विधेयक मेरे पास स्वीकृति के लिए आएगा, तो देखूंगी। संविधान में अब तक कई बदलाव जनहित व राष्ट्रहित को देखते हुए किए गए हैं। यदि जनहित व राज्य हित में थोड़ा बहुत बदलाव हो तो करना चाहिए। ऐसा नहीं होने से ही आज बहुत सारे प्रोजेक्ट व विकास के काम में दिक्कतें आ रही हैं। राज्यपाल गुरुवार को जोलहा करमा में मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौैरान पत्रकारों से बात कर रही थीं। इससे पूर्व चंदवारा प्रखंड परिसर में नवनिर्मित प्रखंड सह अंचल कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद राज्यपाल ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्र के निर्माण में महिलाओं की भागीदारी अहम है। उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत ही ‘महिला आगे, देश जागे.. ‘ वाक्य से शुरू की।
राज्यपाल ने चंदवारा प्रखंड के ग्राम पिपराडीह में प्रदान संस्था एवं दामोदर महिला मंडल द्वारा संचालित नारी अदालत के काम की काफी सराहना की। दामोदर महिला मंडल को अपनी ओर से प्रशस्ति पत्र देने व राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए अनुशंसा करने की बात भी कही। इस दौरान महिलाओं ने नारी अदालत की अवधारणा के साथ-साथ कार्यों के बारे में राज्यपाल को बताया कि कैसे उन लोगों ने नारी उत्पीडऩ के दर्जनों मामलों का निपटारा पुलिस व सामाजिक सहयोग से किया और पीडि़ता को न्याय दिलाया।

राज्यपाल ने कहा कि यहां की महिलाएं जिस तरह से ऐसे पारिवारिक व दांपत्य विवादों को सुलझा रही हैं, वह काबिले तारीफ है। खुशी जताई कि गांव के इस तरह के मामले थाना या कोर्ट नहीं जाते। आश्चर्य जताया कि महिला सशक्तीकरण के लिए इस तरह का कार्य करनेवाले महिला समूह को अबतक राष्ट्रपति पुरस्कार दिलाने की अनुशंसा क्यों नहीं की गई।

Check Also

बारिश

चक्रवाती तूफान यास से मची तबाही, भारी बारिश से आई बाढ़, बिगड़ गए हालात

रांची: चक्रवाती तूफान यास ने कई राज्यों में तबाही मचा चूका है, वहीं यास ने …