यूपी विधानसभा चुनाव में सत्ता की जंग जीतने के लिए सपा और कांग्रेस में गंठबंधन तय है, बस औपचारिक ऐलान बाकी है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि भाजपा को हराने के लिए गठबंधन को फैसला किया गया है। कांग्रेस 100 सीटों पर चुनाव लडे़गी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यूपी के लिए कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की मंगलवार देर रात तक बैठक चली थी, जिसमें राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा मौजूद थे। बैठक में ही राहुल गांधी ने गठबंधन की बात कही।
आपको बता दें कि कांग्रेस ने 100 सीटों की मांग की है, लेकिन सपा प्रमुख अखिलेश यादव 80 सीटें ही देना चाहते हैं।
पार्टी महासचिव और प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने मंगलवार को कहा था कि कांग्रेस और सपा गठबंधन में चुनाव लड़ेंगे। अगले दो दिनों के अंदर गठबंधन का औपचारिक एलान कर दिया जाएगा।
आजाद ने कहा था कि सपा-कांग्रेस गठबंधन प्रदेश में सरकार बनाने के लिए चुनाव मैदान में उतरेगा। यह पूछे जाने पर कि क्या गठबंधन में दूसरी पार्टियां भी शामिल होंगी। आजाद ने कहा कि अभी हम दोनों पार्टियों की बात कर रहे हैं। दूसरी पार्टियों के बारे में बाद में बताएंगे। माना जा रहा है कि गठबंधन में कई दूसरे दल भी शामिल होंगे।