रांची के आसपास के जिलों में कोहरे का कहर जारी है। जनजीवन प्रभावित हो गया है। 32 घंटे विलंब से चल रही है ट्रेनें।
रांची. रांची के आसपास के जिलों में कोहरे का कहर जारी है। वहीं ठंड भी अब प्रचंड रूप धरने लगी है। शनिवार को लोहरदगा में पारा लुढ़क कर 4.6 और गढ़वा में 6 डिग्री सेल्शियस तक पहुंच गया। वहीं हाड़ हिलाती ठंड से पलामू के तरहसी थाना क्षेत्र के दुंधु गांव निवासी राधिका सिंह की 50 वर्षीया पत्नी सोनी देवी की मौत हो गई। कोहरे का असर यातायात व टे्रन परिचालन पर कायम है।
शनिवार को गढ़वा, पलामू, लातेहार, कोडरमा व चतरा समेत अन्य स्थानों पर कहीं लोगों को 10 बजे दिन में धूप के दर्शन हुए तो कहीं दिन के 1 बजे। दिन में भी लोग लाइट जलाकर वाहन चलाने को मजबूर हैं। बढ़ती ठिठुरन के बीच जगह-जगह लोगों ने अलाव का सहारा लिया। इससे पूरा जनजीवन प्रभावित हो गया है। गरीब व असहाय ठंड के कारण ठिठुरते हुए किसी प्रकार रात गुजारने को विवश हैं। स्कूली बच्चों को भी कोहरे व ठंड से स्कूल जाने में परेशानी हो रही है।
32 घंटे लेट चल रहीं ट्रेनें
कोहरे के कारण ट्रेनों का परिचालन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। 9 दिसंबर को कोडरमा आनेवाली जोधपुर-हावड़ा एक्सप्रेस 32 घंटे विलंब से चल रही है। इस ट्रेन के रविवार को अहले सुबह पहुंचने की सूचना दी जा रही है। इस वजह से शनिवार की जोधपुर-हावड़ा को रद कर दिया गया है। वहीं दूसरी ओर हावड़ा-कालका मेल को भी रद कर दिया गया है। भुनेश्वर नई दिल्ली राजधानी 9 घंटे, पुरी-नई दिल्ली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस 6 घंटे, हावड़ा-देहरादून 4 घंटे विलंब से चल रही है। डाउन लाइन की नई दिल्ली हावड़ा पूर्वा एक्सप्रेस 19 घंटे, नई दिल्ली पुरी-पुरुषोत्तम एक्सप्रेस 15 घंटे, लुधियाना-धनबाद एक्सप्रेस 5 घंटे, मुंबई-हावड़ा मेल 8 घंटे विलंब से चल रही है। इससे ठंड में यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।