सड़क हादसों में घायलों को अस्पताल पहुंचाओ सरकार से दो हजार रुपए इनाम पाओ

नई दिल्ली। सड़क हादसों में घायलों की मदद करने वालों को दिल्ली सरकार दो हजार रुपए देगी। संबंधित अस्पताल से एक प्रशस्ति पत्र भी दिया जाएगा। सिविल लाइन स्थित अपने निवास पर कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यह निर्णय लिया।

केजरीवाल ने कहा कि इस व्यवस्था के लागू होने से दिल्ली में सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वाले बहुत से लोगों की जान बचाई जा सकेगी। देश की राजधानी दिल्ली में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या बहुत अधिक है।

पिछले साल भी दिल्ली में लगभग 8500 लोग सड़क दुर्घटनाओं में घायल हुए और इसमें से 1,600 की मौत हुई। इसमें से कई ने अस्पताल समय से न पहुंचने के कारण दम तोड़ दिया।

एक अध्ययन में यह बात भी सामने आई है कि कई बार लोग घायलों की इसलिए भी मदद नहीं करते हैं कि उन्हें पुलिस व प्रशासन द्वारा फंसा देने का डर रहता है। अब उन्हें इनाम भी मिलेगा और सम्मान भी।

अगस्त में पश्चिम दिल्ली के सुभाष नगर इलाके में एक डिलीवरी वैन ने 35 साल के एक सुरक्षा गार्ड को टक्कर मार दी थी। गार्ड करीब एक घंटे तक सड़क पर पड़ा रहा, लेकिन उसकी मदद के लिए कोई नहीं आया था।

इससे गार्ड की सड़क पर ही मौत हो गई थी। आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों से यह भी पता लगा था कि एक रिक्शा चालक गार्ड की मदद करने के बजाय उसका मोबाइल फोन चुरा ले गया था।

 

Check Also

,क्या है अखिलेश यादव का ‘मिशन दक्षिण’,?

समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadva) आज से कर्नाटक (Karnataka) …