तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता के निधन पर यूपी की सरकारी इमारतों पर ध्वज आधा झुकाए गए। मुख्यमंत्री अखिलेश चेन्नई अंतिम संस्कार में शामिल हुए।
लखनऊ. तमिलनाडु की मुख्यमंत्री सेल्वी जे. जयललिता के निधन पर सूबे की सरकारी इमारतों पर आज राष्ट्रीय ध्वज आधा झुकाए गए। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शोक जताने के लिए मंगलवार को चेन्नई पहुंचे और अंतिम संस्कार में शामिल हुए।मुख्यमंत्री कहा कि जयललिता की लोकप्रियता से उनका जनता से जुड़ाव साबित होता है। उनके निधन से देश ने जनप्रिय नेता खोया है। अम्मा नाम से लोकप्रिय जयललिता ने मुख्यमंत्री के तौर पर गांव, गरीब, महिला व किसानों की भलाई के लिए कई अहम निर्णय लिए।
राज्यपाल रामनाईक ने कहा कि जयललिता एक लोकप्रिय महिला नेता थीं, जिन्हें जनता का अपार समर्थन व स्नेह प्राप्त था। उन्होंने लंबे समय तक तमिलनाडु की सेवा की है। बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने कहा कि जयललिता सभी वर्गों व धर्मों में पूरे तौर से सम्मानजनक जगह बनाने वाली एक लोकप्रिय, दूरदर्शी व कुशल प्रशासक नेता थी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि जयललिता अत्यंत लोकप्रिय मुख्यमंत्री व नेता थीं। उनके निधन से भारतीय सार्वजनिक राजनीति क्षेत्र की बड़ी क्षति हुई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने गहरा शोक प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि गरीबों और मछुवारों के लिए सराहनीय कार्य करने पर आम जनता में वह अम्मा नाम से प्रसिद्ध थीं। रालोद प्रदेश अध्यक्ष डा. मसूद अहमद ने शोक संवेदनाएं जताते हुए कहा जयललिता के निधन से देश ने गरीबों का हमदर्द नेता खोया है।
इलाहाबादी भी अम्मा की सादगी के कायल
जयललिता भले ही दुनिया छोड़ गई हों, लेकिन इलाहाबाद में भी उनका चंद घंटों का प्रवास अब भी याद है लोगों को। इलाहाबाद के सांसद श्यामाचरण गुप्त भी उन लोगों में हैं, जिन्हें नौ साल पहले की मुलाकात नहीं भूली है। इस मुलाकात में अन्नाद्रमुक की सुप्रीमो ने हाथ जोड़कर टूटी फूटी हिंदी में कहा था नमस्ते, कैसे हैं श्यामाचरण जी। श्यामाचरण गुप्त उस वक्त समाजवादी पार्टी के सांसद हुआ करते थे। वर्ष 2007 में जब सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव क्षेत्रीय दलों का तीसरा मोर्चा बनाने की पहल कर रहे थे तब इलाहाबाद में 23 अप्रैल को कई क्षेत्रीय पार्टियों के मुखिया एकत्र हुए थे। यहां केपी इंटर कालेज ग्राउंड में सभा के लिए जमावड़ा हुआ था नेताओं का। सांसद के सिविल लाइंस स्थित होटल कान्हा श्याम में ही विभिन्न नेताओं की बैठक भी हुई थी। इसमें तब तमिलनाडु की मुख्यमंत्री रहीं जयललिता भी शामिल थीं। दैनिक जागरण से बातचीत में मंगलवार को श्यामाचरण गुप्त ने कहा, उन्हें वह मुलाकात बखूबी याद है। अम्मा गजब की विनम्र थीं। ज्यादातर वह अंग्रेजी में ही बोलती थीं, लेकिन हिंदी समझ लेती थीं, इतना ही नहीं टूटी फूटी हिंदी में संवाद भी करती थीं। होटल में खाने और नाश्ते का आर्डर उन्होंने हिंदी में ही दिया था। नाश्ते में तो उन्होंने साउथ इंडियन डिश डोसा और इडली पसंद की थी लेकिन भोजन में चावल और मटर की सब्जी मांगा था। उनका इलाहाबाद में प्रवास करीब पांच घंटे का था।