कर्ज न चुका पाने के कारण, सल्फास खाकर की आत्महत्या

सोहागपुर के भटगांव स्थित खेत में मिला किसान का शव

सोहागपुर- लाखों रुपए के कर्ज तले दबे एक किसान ने बुधवार को सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली। भटगांव निवासी किसान लखनलाल पिता सेवकराम मेहरा (45) का शव पुलिस ने खेत की मेढ़ से बरामद किया है। लखनलाल अपने घर से बैंक जाने की बात कहकर निकला था। परिजनों के मुताबिक उस पर केसीसी एवं ट्रैक्टर का कर्ज था। इसे चुकाने के लिए नोटिस मिल रहे थे। कर्ज चुकाने के लिए कुछ माह पूर्व तीन एकड़ जमीन भी बेच दी थी, लेकिन इसके बाद भी पूरा कर्जा नहीं चुका पाया। पुलिस को तलाशी में सल्फास की डिब्बी मिली है।

मृतक के ऊपर था लाखों का कर्ज
मृतक के भाई राकेश, धनराज एवं तेजराम ने बताया कि लखनलाल कुछ महिनों से कर्ज को लेकर काफी परेशान था। उस पर बैंक केसीसी एवं ट्रैक्टर आदि का लाखों रूपए का कर्ज था। जिसके बैंक द्वारा नोटिस मिलते थे। धनराज के मुताबिक उसका केसीसी का 9 लाख रूपए और ट्रैक्टर का भी कर्ज था। कर्ज पटाने के लिए मृतक लखनलाल ने कुछ माह पूर्व तीन एकड़ जमीन भी 18 लाख रूपए में बेची थी।

धान के पैसे लेने गया था बैंक :
मृतक लखनलाल के चचेरे भाई तेजराम ने बताया कि मंगलवार को लखन सुबह करीब 11 बजे घर से बैंक जाने की कहकर निकला था। लखन ने पिपरिया मंडी में अपनी धान की उपज बेची थी जिसका उसे डेढ़ लाख रूपया मिलने वाला था। जो बैंक के खाते में जमा होता। जिसको लेने के लिए वह बैंक के दो तीन दिन से चक्कर लगा रहा था।

कांग्रेस का आरोप नोटबंदी के कारण की आत्महत्या
घटना की जानकारी लगने के बाद कांग्रेस नेता पीएम के समय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचे जहां जिला कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पराज पटेल एवं नगर परिषद अध्यक्ष संतोष मालवीय ने आरोप लगाया कि लखनलाल ने कर्ज व नोटबंदी के कारण आत्महत्या की है। रणवीर पटेल ने कहा है कि बीमा राशि नहीं मिलने के कारण क्षेत्र के किसान निराश है। ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष दीपक ठाकुर का कहना है कि कांग्रेस भटगांव से पदयात्रा निकालेगी। पूर्व जनपद सदस्य सुधीर सिंह ठाकुर ने भाजपा सरकार को दोषी ठहराया है।

Check Also

भोपाल गैस पीड़ित मुआवजे की मांग लेकर पहुचेंगे दिल्ली

मध्य प्रदेश के भोपाल में हुए दर्दनाक हादसे को करीब 38 साल पूरे होने वाले …