मंगल बना अमंगल, सड़क हादसों में तीन की मौत

मुजफ्फरपुर। सदर थाना क्षेत्र के कच्ची पक्की एनएच-28 पर मंगलवार की सुबह ट्रक की चपेट में आने से भारत वैगन कर्मी दिनेश्वर दास की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भाग निकला। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। शव देखते ही उनमें चीत्कार मच गया। उग्र लोगों ने शव को एनएच पर रख और टायर जलाकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। घटना की सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस से कुछ लोगों ने उलझने की कोशिश की। उन्हें समझाकर जाम समाप्त कराने की कोशिश की गई। हालांकि, कोशिश बेकार साबित हुई। लोग ट्रक चालक की गिरफ्तारी व पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। एनएच पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। सदर थानाध्यक्ष मंजू सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर वाहन का पता लगाया जा रहा।

पुरुषोत्तमपुर इलाके के दिनेश्वर दास साइकिल से भारत वैगन के कार्यालय जा रहे थे। कच्ची पक्की चौक पर दीघरा की तरफ से आ रहे ट्रक का टायर पंचर हो गया। जिससे चालक का संतुलन बिगड़ गया। इसी दौरान सड़क पार कर रहे कर्मी ट्रक की चपेट में आ गए। घटनास्थल पर स्थानीय मुखिया व बीडीओ पहुंचे। पीड़ित परिवार को सरकारी मुआवजा देने का आश्वासन दिया। जिसके बाद लोगों ने जाम हटाया। सकरा थाना क्षेत्र के मुजफ्फरपुर-पूसा मार्ग पर महमदपुर दामोदर गांव के समीप पिकअप वैन ने छह वर्षीय मासूम को रौंद दिया। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इधर, धक्का मारकर भाग रहे वैन को लोगों ने खदेड़ कर पकड़ लिया। हालांकि, चालक फरार हो गया।

घटना से उग्र हो ग्रामीण शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन करने लगे। टायर जलाकर रोड बंद कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, पर लोग समझने को तैयार नहीं थे। सभी मुआवजे की मांग करने लगे। घटना की जानकारी मिलने पर मुरौल सीओ जितेंद्र कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने का आश्वासन दिया। जिसके बाद लोगों ने जाम हटाया। महमदपुर दामोदर निवासी अमलेश राम का छह वर्षीय पुत्र अमन कुमार सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही पिकअप ने उसे रौंद दिया। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मौके पर पहुंचे महमदपुर बादल पंचायत के मुखिया अनंत सैनम ने कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत तीन हजार रुपये पीड़ित परिवार को दिए।

करजा थाना क्षेत्र के मड़वन चौक के समीप कांटी- मड़वन मार्ग पर अनियंत्रित गैस सिलेंडर लदे ट्रक ने गैस एजेंसी से लौट रही महिला को कुचल दिया जिससे घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। इस बीच चालक गाड़ी सहित भागने में सफल रहा। छात्रा की पहचान करजा निवासी अभिषेक कुमार राम की पत्नी मिंता देवी के रूप में हुई है। मृतका मड़वन निवासी राजेंद्र राम की पुत्री थी। परिजनों ने बताया कि मिंता देवी स्नातक की छात्रा थी व रोज कोचिंग करने ससुराल से मड़वन जाती थी। उसे 10 माह का बच्चा है। आक्रोशित लोगों ने एनएच 102 व कांटी- मड़वन सड़क को मड़वन चौक के समीप बांस-बल्ला लगा कर जाम कर दिया। सड़क पर टायर जला कर प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोग एफआइआर करने व मुआवजे की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंची करजा पुलिस, सरपंच अंबर कुमार सिंह, शैलेश कुमार गुडडु, पूर्व प्रमुख मो मोहसिन, जदयू प्रखंड अध्यक्ष प्रमोद कुमार, राजद प्रखंड अध्यक्ष फारुख आजम ने भी लोगों को समझाने का प्रयास किया मगर लोग नहीं माने। बाद में पहुंचीं प्रमुख शबाना खातून, बीडीओ अमरेंद्र पंडित, मो. जाबीर हुसैन, पंसस शुशील कुमार के समझाने बुझाने व पारिवारिक लाभ योजना का चेक व करजा मुखिया शोभा कुमारी द्वारा कबीर अंत्येष्टि के तीन हजार नकद देने के बाद लोगो ने जाम समाप्त कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जाने दिया। मृतका के पति व ससुर बाहर रहते हैं। घर पर केवल सास है जिसका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उधर, मृतका के पिता भी घटना के बाद से बेहोशी में थे। घटना के चश्मदीद छात्रा के भैंसुर थे। भैंसुर प्रमोद व मृत्युंजय प्रखंड कार्यालय जा रहे थे, इसी बीच दर्दनाक हादसा हो गया। सामने अपनी भावज की क्षत विक्षत लाश देख दोनों इतने घबरा गए कि घर पर फोन करने की बजाए खुद जाकर घटना की सूचना दी।

Check Also

क्या इस साल भी दरभंगा एयरपोर्ट के रनवे पर लाइटिंग की रहेगी समस्या

बिहार का दरभंगा एयरपोर्ट अपने शुरुआती दौर से ही सुर्खियों में रहा है। चाहे वजह …