मां के डांटने पर छोड़ा घर, 80 किमी दूर भाई से मिलकर छलका आंसू!

मां के डांटने पर गुस्सा होकर छोड़ दिया था घर -भरतपुर के चिकसाना से बरहन पहुंची सरोज .

 

बरहन: मां ने किसी बात पर पांचवीं में पढ़ रही बिटिया को डांट दिया। उसे अपने भाई की याद आ गई। उसने बिना बताए ही घर छोड़ दिया। इतना पता था कि उसका भाई बरहन में रहता है। पहले तो बस से जलेसर पहुंच गई। यहां मामा को तलाशने की कोशिश की। उनके बारे में पता नहीं चला तो ट्रेन से बरहन पहुंच गई और भाई के बारे में लोगों से पूछने लगी। शनिवार रात करीब 11 बजे जाकर पुलिस ने जब उसके भाई को उसके सामने बुला दिया तो उसकी खुशी से आंखें छलक आई।

मामला थाना बरहन के मुहल्ला अशोक नगर का है। धर्मेंद्र पुत्र स्व. काली चरन की 12 वर्षीय सौतेली बहन सरोज चिकसाना, भरतपुर में मां के साथ रहती है। धर्मेँद्र अपने चाचा हेतराम सिंह के पास बरहन में रहता है। यहां उसकी कपड़े की छोटी सी दुकान है। शनिवार को घर पर मां ने किसी बात पर सरोज को डांट लगा दी। इससे सरोज नाराज होकर चिकसाना से बस से अपने मामा के घर जलेसर पहुंच गई। वहां लोगों से पूछताछ की। मामा का घर नहीं मिला तो जलेसर रोड स्टेशन पर पहुंच गई। शाम को भाई से मिलने को दिल्ली से टूंडला को जाने वाली टीएडी पैसेंजर में बैठ बरहन पहुंच गई। वहां भी भाई के बारे में लोगों से पूछने लगी। ग्रामीण कुछ नहीं समझ सके। ग्रामीणों ने सरोज को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने पहले बालिका को खाना खिलाया। फिर पूछताछ की। जानकारी के आधार पर ग्राम प्रधानों से बात कर भाई धर्मेद्र को ढूंढ लिया गया। धर्मेंद्र को थाने बुला लिया। भाई को देख बहन की आंखों में खुशी के आंसू आ गए। रात में ही पिता रामभजन को सरोज के बारे में जानकारी दे दी गई। रविवार को सरोज के पिता रामभजन भी चिकसाना से आ गए। रविवार सुबह तो सरोज यहीं रहने की बात कह रही थी, लेकिन दोपहर में पिता को देख उनके साथ जाने की जिद करने लगी। शाम को पिता सरोज को अपने साथ ले गए।

15 साल पहले मां ने किया था दूसरा विवाह

-धर्मेद्र के पिता के निधन के बाद मां ने करीब 15 साल पहले दूसरा विवाह कर लिया था। धर्मेद्र का चिकसाना आना जाना लगा रहता है, लेकिन सरोज जब ढाई साल की थी तब जरूर बरहन आई थी। इसके बाद नहीं आई थी।

 

Check Also

जयंत ने बीजेपी को दिया, जोर का झटका धीरे से !

2024 के लोकसभा चुनाव से पहले,राष्ट्रीय राजनीति में मानो एक सैलाब सा ला दिया हो …