नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी ने आज खुशबू सुंदर को तत्काल प्रभाव से राष्ट्रीय प्रवक्ता पद से हटा दिया। इसके बाद वे भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गई हैं। सुंदर को दक्षिण भारत में कांग्रेस पार्टी के चर्चित चेहरों के रूप में देखा जाता था। खुशबू सुंदर ने कहा, जिस तरह से पार्टी (कांग्रेस) काम कर रही थी, उससे मैं खुश नहीं थी। अगर आप अपनी पार्टी को साथ नहीं रख सकते और अपनी खुद की परेशानियों को हल नहीं कर सकते तो मुझे नहीं लगता कि आप देश की समस्याओं को हल करने की सोच भी सकते हैं।
यह भी पढ़ें: पॉल मिलग्रोम और रॉबर्ट विल्सन को अर्थशास्त्र का नोबेल, की है ये बड़ी खोज
जिस तरह से पार्टी(कांग्रेस) काम कर रही थी उससे मैं खुश नहीं थी। अगर आप अपनी पार्टी को साथ नहीं रख सकते और अपनी खुद की परेशानियों को हल नहीं कर सकते तो मुझे नहीं लगता कि आप देश की समस्याओं को हल करने की सोच भी सकते हैं: खुशबू सुंदर https://t.co/gkhJRTCLE5 pic.twitter.com/90tlT2s3Ec
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 12, 2020
खुशबू सुंदर का जन्म 29 सितंबर, 1970 को मुंबई में हुआ था। खुशबू ने अपना फिल्मी करियर बचपन में ही शुरू कर दिया था। खुशबू के व्यक्तिगत जीवन की बात करें तो उनका विवाह एक्टर, फिल्म डायरेक्टर सुंदर सी से 2000 में हुआ था। दोनों की दो बेटी हैं, जिनका नाम अवंतिका और आनंदिता है, जिनके नाम पर प्रोडक्शन हाउस अवनी सिनेमैक्स की शुरुआत की गई है। खुशबू पिछले 34 वर्षों से चेन्नई में रह रही हैं।
खुशबू ने मुख्य रूप से तमिल फिल्मों में अभिनय किया और वह यहां एक अग्रणी अभिनेत्री बन गईं। उन्होंने मलयालम, कन्नड़ और तेलुगु फिल्मों में भी काम किया है। अपने करियर के दौरान, उन्होंने रजनीकांत, कमल हासन, चिरंजीवी जैसे शीर्ष अभिनेताओं के साथ काम किया है। उनकी लोकप्रियता ऐसी है कि उनके प्रशंसकों द्वारा उन्हें एक मंदिर समर्पित किया गया है।
डीएमके के साथ की थी राजनीति की शुरुआत
साल 2010 में खुशबू सुंदर की राजनीति में एंट्री हुई। उन्होंने डीएमके का दामन थामा था। तब तमिलनाडु में पार्टी सत्ता में थी। उस समय उन्होंने कहा था, ‘मुझे लगता है कि मैंने सही निर्णय लिया है। मुझे लोगों की सेवा करना बहुत पसंद है। मैं महिलाओं की भलाई के लिए काम करना चाहती हूं।’
हालांकि, चार साल बाद जब उन्होंने डीएमके छोड़ी तो कहा था, ‘द्रमुक के लिए कड़ी मेहनत एक तरफा रास्ते की तरह था।’ उसी साल 2014 में सोनिया गांधी से मिलने के बाद वे कांग्रेस में शामिल हो गईं। तब उन्होंने कहा था, ‘आखिरकार मैं अपने घर आ गई हूं। कांग्रेस एकमात्र ऐसी पार्टी है जो भारत के लोगों के लिए अच्छा और देश को एकजुट कर सकती है।’