बाराबंकी (आरएनएस) किसानो की समस्याओं के शीघ्र निस्तारण हेतु किसान गोष्ठी का आयोजन मुख्य विकास अधिकारी अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में कृषि फार्म परिक्षेत्र पल्हरी में आयोजित किया गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों की समस्याओं को सुना तथा उनके शीघ्र निस्तारण के आदेश दिए। उन्होंने किसानों को ऋण माफी योजना की जानकारी देते हुए यह कहा कि इस योजना का लाभ लेने के लिए यह आवश्यक है कि सभी किसान अपने बैंक खाते को आधार से लिंक कराएं। उन्होंने बताया कि यह योजना उ०प्र लघु एवं सीमान्त किसानों लिए चलाई जा रही है। इस योजना में 31 मार्च 2016 तक का किसानों का 1 लाख तक का ऋण माफ किया जाएगा। इससे पूर्व जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि इस योजना में बैंको द्वारा डाटाबेस तैयार किया जाता है। इसमें कृषको को आधार,पैन कार्ड,अपनी भूमि का विवरण एवं अन्य सम्बंधित जानकारी उपलब्ध करानी पड़ती है.इसके पश्चात किसानो का पंजीकरण क्या जाएगा। पंजीकरण पूर्ण होने के पश्चात किसानों को यह जानकारी प्रदर्शित कर दी जायेगी। बैठक में किसानो की समस्याएँ मुख्य विकास अधिकारी द्वारा सुनी गयी एवं उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। किसानों की प्रमुख समस्याओं में कोऑपरेटिव सोसाइटी द्वारा खाद उपलब्ध न हो पाना,विद्युत् एवं सिचाई से जुड़े हुए मुद्दे सामने लाये गये। तिलवानी के हनुमान प्रसाद ने बताया की उनके पास पैन कार्ड उपलब्ध न होने के कारण खाद नहीं मिल पा रही है। ग्राम बल्लोपुर विकासखंड सूरतगंज के निवासी गोविन्द प्रसाद शुक्ल ने विद्युत् आपूर्ति सम्बन्धी समस्याएं बतायीं। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी समस्याओं को गम्भीरतापूर्वक सुना एवं उनके प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए.उन्होंने यह भी कहा कि किसानो का हित सर्वोपरि है अतः सभी किसान अपनी समस्याएं लेकर प्रातः 9 से 11 बजे तक प्रतिदिन उनसे एवं जिलाधिकारी से संपर्क कर सकते हैं. उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देश हैं कि किसानों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण किया जाए। गोष्ठी में उप कृषि निदेशक अनिल कुमार सागर, जिला कृषि अधिकारी संजीव कुमार एवं अन्य सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।
Check Also
Nokia C22 भारत में 13MP मुख्य कैमरे के साथ लॉन्च, जानें कीमत और स्पेसिफिकेशन
नोकिया ने बाजार में अपना नवीनतम बजट सेगमेंट डिवाइस नोकिया सी 22 लॉन्च किया है, …