गोण्डा में बाढ़ पीड़ितों से मिले सीएम, राहत सामग्री बांटी
गोण्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को गोण्डा पहुच गये हैं। योगी यहां बाढ़ ग्रस्त इलाकों का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने कर्नलगंज के पाल्हापुर में कहा कि बाढ़ राहत में लापरवाही बरतने वाले अफसरों पर शाम तक बड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि तीन अधिकारियों के नाम इस मामले में सामने आये हैं। हलांकि सीएम ने इन अधिकारियों के नाम नहीं बताये। बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि राहत और बचाव में किसी भी प्रकार की कमी नही होने दी जायेगी। योगी ने कहा कि सरकार की संवेदनशीलता पर सवाल उठाये जा रहे हैं, जबकि यह सरकार सबसे संवेदनशील है।
मुख्यमंत्री पाल्हापुर में सुबह करीब 11ः15 पर पहुंचे। यहां बाढ़ में डूबने से हुई महिला की मौत पर शोक जताते हुए आश्रितों को चार लाख रुपये का स्वीकृति पत्र दिया। इसके साथ ही बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित की। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को बाढ़ पीड़ित परिवार को राहत सामग्री पहुंचाने के साथ ही रहने के लिए अस्थाई व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। योगी ने कहा कि जिन बाढ़ पीड़ितों के कच्चे मकान हैं, सरकार द्वारा उन्हे पक्के मकान दिये जायेंगे। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि राहत वितरण में कोई भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री योगी आज प्रदेश में बाराबंकी, गोंडा, श्रावस्ती तथा बहराइच के बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा करेंगे। हवाई सर्वेक्षण के साथ ही वह इन जिलों में स्थलीय सर्वेक्षण भी करेंगे।