12 जुलाई (आरएनएस)। पिछले एक साल से बृहस्पति ग्रह का चक्कर लगा रहे नासा के अंतरिक्षयान जूनो को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जूनो ने इस ग्रह के रहस्यमयी फीचर ‘ग्रेट रेड स्पॉटÓ तक पहुंच बना ली है। नासा ने इसकी जानकारी देते हुए कहा है कि जल्द ही इसकी तस्वीरें भी सामने आनी चाहिए। ट्वीट के जरिए अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी ने बताया कि डाटा एकत्रित करने के लिए सभी वैज्ञानिक यंत्रों व जूनोकैम को संचालित किया गया है। मानवरहित यान जूनो ने जितने करीब से बृहस्पति ग्रह के इस रहस्यमयी फीचर तक पहुंच बनाई है, उतनी अब तक कभी भी सफलता हाथ नहीं लगी थी। विशेषज्ञों ने इस फीचर के बारे में संभावना जतायी है कि यह करीब 350 साल से भी अधिक समय से अंतरिक्ष में मौजूद है। जूनो के इंवेस्टीगेटर स्कॉट बोल्टन ने बताया कि बृहस्पति का रहस्मयी ग्रेट रेड स्पॉट संभवत: इस ग्रह का काफी प्रसिद्ध फीचर है। यह सदियों से सौर मंडल के सबसे बड़े ग्रह पर मौजूद है। जूनो और क्लाउड को भेदने की क्षमता वाले इसके वैज्ञानिक औजारों के जरिए इसकी जड़ की गहराई का पता लगाया जाएगा। इससे यह समझने में मदद मिलेगी कि यह कैसे काम करता है और यह इतना खास क्यों है। माना जा रहा है कि हालिया सालों में यह सिकुड़ता जा रहा है।