(रामनगर) जंगल में तेंदुए ने किया युवक पर हमला

रामनगर , 06 जुलाई (आरएनएस)। दोस्तों के संग मुरादाबाद से रामनगर के जंगल में पत्ते तोडऩे पहुंचे युवक पर तेंदुए ने हमला कर दिया। इस दौरान साथियों के शोर मचाने से तेंदुआ भाग निकला, लेकिन युवक के साथी भी उसे छोड़ भाग निकले। मुरादाबाद से लोग रामनगर के जंगल से गूलर के पत्ते तोड़कर ले जाते हैं। पत्तों को मुरादाबाद ले जाकर बेचा जाता है। ग्राम बुरानपुर थाना भगतपुर निवासी आसिफ (30) पुत्र अजीज ट्रेन से रामनगर तराई पश्चिमी वन प्रभाग के जंगल आया था।  आमपोखरा के जंगल में सती मंदिर के समीप वह कुछ लोगों के साथ गूलर के पत्ते तोडऩे के बाद उन्हें जमीन पर एकत्र कर रहा था। इस बीच उस पर तेंदुए ने पीछे से हमला कर दिया।  उसने शोर मचाया तो अन्य लोगों का ध्यान उस ओर गया। लोगों ने किसी तरह शोर मचाकर तेंदुए को वहां से भगाया। हमले के बाद लोग दहशत में आ गए। आसिफ के सिर व पीठ पर तेंदुए के दांत व नाखून लग गए।  इसके बाद वहां मौजूद लोग उसे छोड़कर भाग गए। घायल ने खुद वन चौकी आकर घटना की जानकारी दी। रेंजर लक्ष्मण सिंह बिष्ट उसे उपचार के लिए काशीपुर चिकित्सालय ले गए।
00

Check Also

जयंत ने बीजेपी को दिया, जोर का झटका धीरे से !

2024 के लोकसभा चुनाव से पहले,राष्ट्रीय राजनीति में मानो एक सैलाब सा ला दिया हो …