लखनऊ| लखनऊ में एक बार फिर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। शहर के प्रमुख चौराहों और मुख्यमंत्री आवास के आसपास लगे पोस्टरों में समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल की तुलना की गई है। इन पोस्टरों में समाजवादी पार्टी के कार्यकाल को 'ल्यारी राज' बताया गया है, जबकि वर्तमान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शासन को 'धुरंधर सीएम' के रूप में पेश किया गया है।
इन पोस्टरों में समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान हुए दंगों का उल्लेख किया गया है, खासतौर पर मुजफ्फरनगर, मेरठ और शामली में हुए दंगों को दिखाकर समाजवादी पार्टी पर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए गए हैं। यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान प्रदेश में अपराध और दंगों का माहौल था।
दूसरी ओर, पोस्टरों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 'धुरंधर' बताते हुए उनके शासनकाल में माफिया के खिलाफ हुई कार्रवाई को प्रमुखता से दिखाया गया है। होर्डिंग्स में कुख्यात अपराधियों जैसे अतीक अहमद, मुख्तार अंसारी और मुकीम काला की मौत से जुड़ी अखबारों की कटिंग्स लगाई गई हैं। इसके जरिए यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि मौजूदा सरकार में अपराधियों पर सख्त कार्रवाई हुई है।
यह पोस्टर राजधानी के कई अहम इलाकों में देखे गए हैं, जिनमें मुख्यमंत्री आवास के आसपास के क्षेत्र और प्रमुख चौराहे शामिल हैं। पोस्टरों के जरिए सीधे तौर पर जनता के बीच राजनीतिक संदेश पहुंचाने की रणनीति अपनाई गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के पोस्टर आने वाले चुनावों को ध्यान में रखते हुए लगाए जा रहे हैं, ताकि जनता के बीच कानून-व्यवस्था और सुरक्षा जैसे मुद्दों को उभारा जा सके। हालांकि, इस पोस्टरवार पर अभी तक समाजवादी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासत और तेज हो सकती है।





